28 वर्षों की अनुकरणीय सेवा के बाद प्रधानाध्यापिका हेमलता रैकवार सेवानिवृत्त
सेवा सम्मान समारोह में सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने दी भावभीनी विदाई

सेवा सम्मान समारोह में सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने दी भावभीनी विदाई,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शासकीय प्राथमिक बालक शाला एन.के.जे. में प्रधानाध्यापक पद पर सेवाएं दे रहीं प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती हेमलता रैकवार के सेवानिवृत्ति अवसर पर सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संकुल प्राचार्या श्रीमती रामकुमारी चक्रवर्ती की अध्यक्षता तथा अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ के प्रांतीय प्रवक्ता कुंवर मार्तण्ड सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
समारोह में श्रीमती हेमलता रैकवार के सहकर्मियों, शुभचिंतकों एवं चाहने वालों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। विभाग में 28 वर्षों तक दी गई उनकी अनुकरणीय सेवाओं को वक्ताओं ने याद करते हुए उनके व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने उन्हें एक आदर्श एवं समर्पित शिक्षिका बताते हुए उनके सेवाकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान शाला परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षिका को शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उनके शुभचिंतकों द्वारा धार्मिक पुस्तकें भेंट कर उनके आगामी जीवन को धार्मिक एवं सामाजिक सेवा के लिए समर्पित करने की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में पूर्व प्रधानाध्यापक अजय मिश्रा, निधि पटेरिया, मनोज बर्मन, अनिल पाण्डेय, राजेश चौबे, मनोज गौतम, राकेश सिन्नरकर, कमलेश सोनी, श्रीमती नीतू दहिया, नम्रता ताम्रकार, रश्मि विश्वकर्मा, अजय पटेल, जितेंद्र दुबे, मोहना जरगर सोनी, भारती कश्यप सहित बड़ी संख्या में सहकर्मी एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षिका हेमलता रैकवार को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई।




