Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

परिवहन विभाग की सघन जांच में दो स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त, तीन वाहन जब्त

बिना परमिट चल रही दो यात्री बसें और ओवरलोड मालवाहक वाहन भी कार्रवाई की जद में, बिना फिटनेस एंबुलेंस जब्त

बिना परमिट चल रही दो यात्री बसें और ओवरलोड मालवाहक वाहन भी कार्रवाई की जद में, बिना फिटनेस एंबुलेंस जब्त,

राजेश कुमार तिवारी 

कटनी। सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल बसों, यात्री बसों, मालवाहक वाहनों और एंबुलेंस के परमिट, फिटनेस, आवश्यक दस्तावेजों तथा सुरक्षा मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बताया कि अभियान के दौरान 18 स्कूल बसों और 22 यात्री बसों की जांच की गई। जांच में दो यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती मिलीं। दोनों बसों को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर दो स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त
स्कूल बसों की जांच के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण में ग्लोबल पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक एमपी-21-जेडजी-7043 और वेल वेदर स्कूल की बस क्रमांक एमपी-21-पी-0445 में कैमरा नहीं पाया गया। इसके अलावा वीएलटीडी चालू नहीं होने सहित अन्य कमियां भी सामने आईं।
सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर परिवहन विभाग ने दोनों स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त कर दी। कार्रवाई के बाद दोनों बसों को थाना कुठला में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर निर्देश दिए हैं कि वाहनों में पाई गई सभी कमियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप दूर कराने के बाद ही पुनः फिटनेस कराकर बसों का संचालन किया जाए। बिना कमियां दूर किए अथवा दोबारा फिटनेस कराए बसों का संचालन पाए जाने पर संबंधित स्कूल संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड मालवाहक वाहन जब्त
अभियान के दौरान एक मालवाहक वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित होता पाया गया। ओवरलोड पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना बड़वारा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग ने मालवाहक वाहन संचालकों को निर्धारित भार क्षमता के अनुरूप ही वाहन चलाने के निर्देश दिए हैं।
बिना फिटनेस संचालित एंबुलेंस पर कार्रवाई
जांच के दौरान एक एंबुलेंस भी बिना वैध फिटनेस के संचालित मिली। परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षार्थ खड़ा कराया।
परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, कर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!