साइबर सुरक्षा को लेकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
कटनी

मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित,
राजेश सांधेलिया कटनी न्यूज़ 24
कटनी। महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत यह पहल की जा रही है।
सातों विकासखंडों में आयोजित हुए प्रशिक्षण
जिले में अभियान के तहत कटनी शहर, कटनी ग्रामीण और ढीमरखेड़ा में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद रीठी, बड़वारा, विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद विकासखंडों में भी साइबर सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में एनआईआईटी फाउंडेशन, दिल्ली के प्रशिक्षक सुशित सोनी ने प्रतिभागियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
ऑनलाइन बैंकिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट ऐप, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर स्टॉकिंग सहित विभिन्न साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षक ने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने या संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित बुकलेट भी वितरित की गईं।
सवालों के जरिए समझे साइबर अपराध से बचाव के तरीके
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका प्रशिक्षक द्वारा समाधान किया गया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर सुरक्षा पोर्टल और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूक करना और उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा।




