जलकर बकायादारों पर निगम की सख्ती, 31 से अधिक नल कनेक्शन काटे
50 प्रतिशत छूट वाली राहत योजना का लाभ नहीं लेने पर निगम ने की कार्रवाई

50 प्रतिशत छूट वाली राहत योजना का लाभ नहीं लेने पर निगम ने की कार्रवाई,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। जलकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नगर पालिक निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जलकर राहत योजना के तहत 50 प्रतिशत तक की छूट का अवसर दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर बुधवार को निगम की टीम ने कार्रवाई की।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के निर्देशन में गठित निगम दलों ने शहर के विभिन्न वार्डों में अभियान चलाकर जलकर बकायादारों से संपर्क किया। इस दौरान उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा कर राहत योजना का लाभ लेने की समझाइश दी गई।
समझाइश के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले 31 से अधिक उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन मौके पर ही विच्छेदित किए गए। निगम की कार्रवाई से जलकर बकायादारों में हड़कंप की स्थिति रही।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने उपभोक्ताओं से समय पर बकाया जलकर जमा कर राहत योजना का लाभ लेने की अपील की है।




