हिरवारा में आबकारी विभाग की दबिश, 31.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त
रिहायशी मकान से देशी-विदेशी शराब बरामद, करीब 19 हजार 500 रुपये कीमत की मदिरा जब्त

रिहायशी मकान से देशी-विदेशी शराब बरामद, करीब 19 हजार 500 रुपये कीमत की मदिरा जब्त,
✍️राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी अमले ने ग्राम हिरवारा में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर 31.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 19 हजार 500 रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-03 अंतर्गत ग्राम हिरवारा में की गई। आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके के मार्गदर्शन में टीम ने राहुल गुप्ता, उम्र 36 वर्ष, निवासी हिरवारा, थाना एनकेजे के रिहायशी मकान पर दबिश दी।
अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद
तलाशी के दौरान मौके से 86 पाव देशी मदिरा, 39 पाव विदेशी मदिरा गोवा व्हिस्की, 8 बोतल गोवा जिन और 6 केन माउंट बियर बरामद किए गए। आबकारी अमले ने कुल 31.5 बल्क लीटर मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध मदिरा के खिलाफ अभियान जारी
आबकारी विभाग द्वारा जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। विभाग का कहना है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा विक्रय में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, सीमा देवी कोल सहित आबकारी विभाग का अन्य अमला शामिल रहा।




