नगर निगम की समय-सीमा बैठक में सख्त निर्देश, लंबित मामलों के निराकरण में देरी पर होगी कार्रवाई
फ्लैगशिप योजनाओं और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश, सफाई, राजस्व वसूली और जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

फ्लैगशिप योजनाओं और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश, सफाई, राजस्व वसूली और जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में सोमवार को एमआईसी सभाकक्ष में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगमायुक्त ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन प्रकरणों सहित निगम के विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश
निगमायुक्त ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने और निर्धारित गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।
रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस
शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने प्रमुख बाजारों और व्यस्त क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह शहरवासियों को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर नजर आना चाहिए। सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही प्रमुख दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने तथा दुकानदारों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई तथा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
नामांतरण और राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा में निगमायुक्त ने लंबित नामांतरण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने और सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व वसूली की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर अधिकारियों को दैनिक लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास परियोजनाओं की प्रक्रिया समय पर पूरी करें
सीवरेज एवं जल सप्लाई, डेयरी विस्थापन, सब्जी मंडी, मीट मार्केट और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने डीपीआर, एनओसी, सक्षम स्वीकृति, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध और कार्य प्रारंभ होने तक की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित प्रक्रिया के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्रतिदिन करें रिव्यू
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान लंबे समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया। निगमायुक्त ने विभागवार लंबित शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा कर ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। वहीं महापौर जनसुनवाई से संबंधित लंबित मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अवैध कॉलोनियों और फायर सेफ्टी मामलों में कार्रवाई तेज करने के निर्देश
अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी और कम्पाउंडिंग प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने शेष अवैध कॉलोनियों के मामलों में एफआईआर की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। कोचिंग सेंटर, अस्पताल, होटल और मॉल में फायर सेफ्टी जांच की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा मानकों की जांच और आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई तेज करने को कहा।
अनुमति के विपरीत निर्मित भवनों और प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर नियमानुसार कम्पाउंडिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए गए।
जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मानसून को देखते हुए निगमायुक्त ने संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में वर्षाजल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हांका टीम की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवारा मवेशियों को बड़े स्तर पर पकड़ने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
पीएम स्वनिधि योजना की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान ऋण प्रकरणों, क्रेडिट कार्ड जारी होने तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। निगमायुक्त ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबल योजना, अनुग्रह सहायता राशि और समग्र ई-केवाईसी से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जे.पी. सिंह बघेल, रवि हनोते, शैलेन्द्र प्यासी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, योजना प्रभारी, कार्यालय अधीक्षक, सिटी मिशन मैनेजर सहित निगम के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




