गणेश उत्सव को लेकर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक, व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश

कटनी। गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों और नागरिकों से आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
बैठक में गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, कार्यकर्ताओं की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा पंडालों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंडालों की वजह से यातायात बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की बात कही गई।
नगर परिषद की ओर से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा गणेश पंडालों में शासन की हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। वहीं गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एक ही दिन आयोजित करने और विसर्जन स्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग, नगर परिषद उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद, पत्रकार, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।




