Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में युवक की मौत, शव कुएं में छिपाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में युवक की मौत, शव कुएं में छिपाने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा जंगल में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर युवक की मौत के बाद घटना छिपाने के उद्देश्य से शव को पुराने सूखे कुएं में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की तार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात साहिल वासुदेव, निवासी करहैया, की करंट लगने से मौत हो गई थी। सूचना मिलने के बाद कुठला पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटना स्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच में युवक की मौत बिजली का करंट लगने से होना सामने आया।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। इसी दौरान प्रकाश कोल के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि 17 अगस्त की शाम आरोपियों ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में करंट बिछाने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोशन कोल अपने साथ लाई लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाकर पास से गुजर रहे बिजली के तार से जोड़ दिया। इसके बाद रात करीब दो बजे आरोपी शिकार देखने जंगल पहुंचे, जहां उन्होंने साहिल वासुदेव को करंट की चपेट में मृत अवस्था में पाया।
आरोपियों ने कथित तौर पर घटना छिपाने के लिए साहिल के शव को जंगल में स्थित एक पुराने सूखे कुएं में डाल दिया। वहीं, घटना में इस्तेमाल लोहे की तार को शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से लोहे की तार बरामद कर ली है।
मामले में कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 743/26 के तहत धारा 105, 238(बी) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन, साजन बर्मन और प्रकाश कोल, सभी निवासी कन्हवारा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल यादव सहित प्रधान आरक्षक ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, बुद्धू कुमार, अभय यादव एवं अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!