विजयराघवगढ़ पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की खेप, 54 लीटर देशी शराब जब्त
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा मौके से फरार

✍️राजेश कुमार तिवारी
कटनी। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लीटर देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम 14 सितंबर को कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विजयराघवगढ़-टीकर आम रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक की बोरियों में शराब लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों मोटरसाइकिल और शराब से भरी बोरियां छोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर पीछे बैठे आरोपी ओमप्रकाश उर्फ छोटू बर्मन, उम्र 29 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर ग्राउंड के पास, विजयराघवगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 300 पाव यानी 54 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब दीपक उर्फ पंडा जायसवाल की है और दोनों इसे टीकर क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं आरोपी दीपक उर्फ पंडा जायसवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि विक्रम सिंह, सउनि संतोष स्वामी, आरक्षक अंजनी झा, नीलेश सिंह, पारस पटेल और प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




