रिमझिम बारिश के बीच कलेक्टर-एसपी ने किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण
कृत्रिम विसर्जन कुंड, सुरक्षा, रोशनी और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कृत्रिम विसर्जन कुंड, सुरक्षा, रोशनी और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को रिमझिम बारिश के बीच कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पीरबाबा में बनाए जा रहे कृत्रिम विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल और पहुंच मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इन स्थानों पर होगी विसर्जन की व्यवस्था
जिले में गाटरघाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुंड, पीरबाबा, गुलवारा घाट, रपटा घाट, सुरखी टैंक, बाबा घाट और छपरवाह घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की गई है।
रोशनी और बैरिकेडिंग के निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के साथ प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम, कंट्रोल रूम और अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था के लिए तहसीलदारों को ग्राम पंचायतों और नगर परिषदों से समन्वय करने के निर्देश दिए गए।
तैराक और होमगार्ड रहेंगे तैनात
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित तैराक और होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता वाले स्थानों पर लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन मार्गों पर रहेगी यातायात व्यवस्था
कलेक्टर और एसपी ने विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। संकरे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। नदी और तालाब के किनारों पर सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन पूरा होने तक तैनात रहेगा अमला
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को विसर्जन प्रक्रिया पूरी होने तक मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रतिमाओं के सुरक्षित और समयबद्ध विसर्जन के साथ ही भीड़ एवं वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए समन्वय से काम करने को कहा।




