बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.258 किलो गांजा के साथ 70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.258 किलो गांजा के साथ 70 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 70 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में बरही पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
16 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर ग्राम पिपरिया कला में मुख्य मार्ग के पास गिरधारी कुर्मी के घर के सामने पुलिस पहुंची। पुलिस को एक व्यक्ति घर के बाहर परछी में गुलाबी रंग का प्लास्टिक का थैला लेकर दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह थैला लेकर घर के अंदर जाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे थैले सहित रोककर नियमानुसार तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गिरधारी लाल पटेल पिता भीमसेन कुर्मी, उम्र 70 वर्ष, निवासी पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी बताया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में थैले की तलाशी लेने पर उसमें 2 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी गिरधारी लाल पटेल के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध थाना बरही में पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण भी शामिल हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उपनिरीक्षक विनोद कांत सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, प्रधान आरक्षक 449 नरेंद्र पटेल तथा प्रधान आरक्षक 317 रवि मोहन जाटव प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




