पर्वों से पहले बाजारों में निगम की सख्ती, अतिक्रमण पर 15 लोगों पर 7 हजार का जुर्माना

कटनी। गणेश उत्सव एवं आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को निगम के अतिक्रमण दस्ते ने गोल बाजार से रुई बाजार तक प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया।
अभियान के दौरान गोल बाजार, झंडा बाजार, मुख्य स्टेशन मार्ग, सुभाष चौक, मुड़वारा स्टेशन मार्ग और रुई बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ पर रखा सामान हटवाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई गईं।
15 लोगों पर 7 हजार रुपये का अर्थदंड
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 7 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। दुकानदारों और व्यापारियों को सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथ पर सामान नहीं रखने तथा निर्धारित सीमा में ही व्यापार करने की समझाइश दी गई।
पर्वों तक जारी रहेगी निगरानी
नगर निगम द्वारा गणेश उत्सव सहित आगामी पर्वों के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और व्यस्त मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। निगम प्रशासन का कहना है कि यातायात सुचारू रखने और नागरिकों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निगम ने व्यापारियों और नागरिकों से सार्वजनिक मार्ग एवं फुटपाथ अतिक्रमणमुक्त रखने में सहयोग की अपील की है।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




