डीएमएफ के विकास कार्यों की बनेगी प्रभावी कार्ययोजना, बेसलाइन सर्वे में गुणवत्ता पर जोर
K

डीएमएफ के विकास कार्यों की बनेगी प्रभावी कार्ययोजना, बेसलाइन सर्वे में गुणवत्ता पर जोर,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी, 24 सितंबर। जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से प्रस्तावित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप संचालित करने के लिए जिले में बेसलाइन सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के साथ ही आंकड़ों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए हैं।
सीईओ ने कहा कि बेसलाइन सर्वे के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति के साथ आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का तथ्यात्मक आकलन किया जाए। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को चिन्हित कर डीएमएफ मद से विकास कार्यों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने सर्वेक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्रों एवं मापदंडों का पालन करने, जानकारी का सटीक और प्रमाणिक संकलन करने तथा तय समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और मैदानी अमले को सर्वेक्षण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्राप्त आंकड़ों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए कहा।
सुश्री कौर ने जनपद पंचायतों के सीईओ को ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण कार्य की सतत निगरानी और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराने को भी कहा।
प्रशासन के अनुसार, बेसलाइन सर्वे से प्राप्त आंकड़े क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को चिन्हित करने में महत्वपूर्ण आधार बनेंगे, जिससे डीएमएफ मद से संचालित विकास कार्यों को अधिक लक्षित और परिणाममूलक बनाने में मदद मिलेगी।




