बण्डा शराब कांड के बाद कटनी में आबकारी विभाग सख्त, दुकानों की सघन जांच
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर शराब के विभिन्न ब्रांडों के सैंपल लिए गए, गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर शराब के विभिन्न ब्रांडों के सैंपल लिए गए, गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 7 सितंबर। सागर जिले के बण्डा में जहरीली शराब की घटना सामने आने के बाद कटनी जिला प्रशासन ने भी शराब की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा जिले की शासकीय मदिरा दुकानों का सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न ब्रांड की शराब के नमूने लिए जा रहे हैं।
जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विभा मरकाम के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम पिछले दो दिनों से जिले की अलग-अलग मदिरा दुकानों पर पहुंचकर शराब के विभिन्न ब्रांडों के सैंपल एकत्र कर रही है। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
आबकारी विभाग की यह कार्रवाई रविवार सहित अवकाश के दिनों में भी जारी रही। विभाग का कहना है कि शराब की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की आशंका की स्थिति न बने, इसके लिए दुकानों की लगातार जांच और सैंपलिंग की जा रही है।
बिक्री व्यवस्था पर भी रखी जा रही नजर
अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान शराब की गुणवत्ता के साथ-साथ बिक्री व्यवस्था की भी निगरानी की जा रही है। जिले में प्रचलित विभिन्न ब्रांड की मदिरा के नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई जा रही है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
QR कोड स्कैन कर ग्राहक जांच सकते हैं जानकारी
आबकारी विभाग ने शराब खरीदने वाले ग्राहकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। बोतल पर अंकित QR कोड को स्कैन कर ग्राहक शराब से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। इसमें मैन्युफैक्चरिंग कंपनी, बिक्री के जिले और निर्माण तिथि सहित अन्य विवरण की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
संदिग्ध शराब मिलने पर सेवन न करें, तत्काल दें सूचना
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि शराब केवल अधिकृत शासकीय मदिरा दुकानों से ही खरीदें। यदि शराब के स्वाद में असामान्य परिवर्तन, गंध या रंग में बदलाव दिखाई दे अथवा मिलावट का संदेह हो, तो ऐसी शराब का सेवन न करें और तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दें।
शिकायत अथवा सूचना के लिए जिला आबकारी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07622-231217 पर संपर्क किया जा सकता है।




