Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

सृजन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समझी पुलिस की कार्यप्रणाली, नए आपराधिक कानूनों की मिली जानकारी

माधव नगर उत्कृष्ट विद्यालय में जागरूकता कार्यशाला, पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के दिए जवाब

 

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। मध्य प्रदेश पुलिस एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘सृजन’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, माधव नगर में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों, कानूनी प्रक्रिया तथा बच्चों और किशोरों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक तथा थाना माधव नगर के पुलिस उप निरीक्षक नवीन नामदेव सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया परिचित
कार्यशाला के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत प्राप्त करने और उसके निराकरण की प्रक्रिया, कानूनी कार्रवाई तथा पुलिस और आमजन के बीच समन्वय की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने पुलिस व्यवस्था और कानून से संबंधित विभिन्न सवाल अधिकारियों से पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान करते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों की मूल भावना, उनकी उपयोगिता तथा बच्चों एवं किशोरों की सुरक्षा से संबंधित विशेष कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों से कहा गया कि किसी भी समस्या अथवा असुरक्षित स्थिति में घबराने के बजाय उचित माध्यम से पुलिस या संबंधित विभाग से सहायता लें।
थाना और पुलिस कार्यालयों का होगा भ्रमण
‘सृजन’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पुलिस थानों और पुलिस कार्यालयों का भ्रमण भी कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाना स्तर पर होने वाली पुलिस प्रक्रियाओं, शिकायतों की प्राप्ति एवं निराकरण, पुलिस अभिलेखों तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें पुलिस व्यवस्था और नागरिकों के बीच सहयोग एवं समन्वय की भूमिका से परिचित कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!