युवा संवाद की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं सीईओ कौर, अधिकारियों को दिए समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

युवा संवाद की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं सीईओ कौर, अधिकारियों को दिए समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश,
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 2 सितंबर को भोपाल में आयोजित होने वाले युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटनी के बस स्टैंड स्थित विवेकानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर सोमवार को प्रभारी आयुक्त एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने विवेकानंद ऑडिटोरियम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत एवं जनरेटर व्यवस्था, बैकड्रॉप, एलईडी स्क्रीन, इंटरनेट कनेक्टिविटी, माइक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सहित अन्य तकनीकी संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही पेयजल, आमंत्रण व्यवस्था एवं कार्यक्रम से संबंधित अन्य आवश्यक तैयारियों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी आयुक्त कौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पहले सभी तकनीकी उपकरणों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था का ट्रायल कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित, निर्बाध और गरिमापूर्ण वातावरण में होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ-साथ स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, डीआईओ प्रफुल्ल श्रीवास्तव, उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया, तिलक कॉलेज के प्राचार्य सुनील वाजपेयी सहित नगर निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, मोना करेरा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, संदीप पाठक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




