Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

17 सितंबर को शहर में जगमगाएंगे ‘आशीर्वाद के दीप’

हितग्राही परिवारों के घरों के साथ प्रमुख व ऐतिहासिक स्थलों पर होगा दीप प्रज्वलन, निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

कटनी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में नगर निगम कटनी द्वारा भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही परिवारों के घरों के साथ शहर के प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (आईएएस) ने आदेश जारी कर विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम से संबंधित अलग-अलग दायित्व सौंपे हैं।
आदेश के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था और मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा राशन कार्डधारियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, दिव्यांगजनों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों के घरों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
मुख्य आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी प्रेमनगर बस्ती में होगा। यहां मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, कूलर, पंखे, साउंड सिस्टम और माइक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इसके साथ ही घंटाघर स्मारक, मोहना घाट स्थित कटनी नदी और माधवनगर में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा। नगर निगम के तीन विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वल्पाहार और अतिथियों के स्वागत सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला अधिकारियों, एनजीओ और स्थानीय संगठनों को आमंत्रित करने के साथ ही आयोजन का समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। हितग्राही परिवारों और संस्थाओं द्वारा दीप प्रज्वलन के फोटो एवं वीडियो भी निर्धारित माध्यमों से साझा किए जाएंगे।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!