मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने शासकीय स्कूल बिलहरी का किया निरीक्षण
छत से पानी टपकता देख मरम्मत कराने के दिए निर्देश, बच्चों से संवाद कर शिक्षा और खेल में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

छत से पानी टपकता देख मरम्मत कराने के दिए निर्देश, बच्चों से संवाद कर शिक्षा और खेल में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय की छत से बारिश का पानी टपकता हुआ पाए जाने पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
कक्षा 10वीं में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कक्षा 10वीं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इसकी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इसी दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी बर्मन से अंग्रेजी में बिलहरी के बारे में चार पंक्तियां बोलने को कहा। साक्षी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ बिना रुके अंग्रेजी में बिलहरी के बारे में बताया। छात्रा के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की कलेक्टर आशीष तिवारी एवं एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने सराहना की।इसी प्रकार एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी खेल संबंधी रुचियों की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 10वीं के छात्र मोतीलाल यादव से खेल में उसकी रुचि के बारे में पूछा। मोतीलाल ने बताया कि वह 400 मीटर दौड़ करता है और भविष्य में एक अच्छा एथलीट बनना चाहता है। एसपी श्री विश्वकर्मा ने उसकी रुचि की सराहना करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
समय पर विद्यार्थियों का सिलेबस पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों का सिलेबस निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में किसी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24




