विजयराघवगढ़ में छात्रों की समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, SDM के नाम सौंपा ज्ञापन

विजयराघवगढ़ में छात्रों की समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन, SDM के नाम सौंपा ज्ञापन,
कटनी न्यूज़ 24 कटनी विजयराघवगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखा। छात्रों ने विद्यालयों तक पहुंचने वाले जर्जर सड़क मार्ग, बारिश के दौरान जलभराव और बसों में वसूले जा रहे अधिक किराए को लेकर नाराजगी जताई।
विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर विद्यालयों की ओर जाने वाले खराब सड़क मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई। इसके अलावा विद्यार्थियों से बस किराए का आधा शुल्क लिए जाने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई।
अधिकारी नहीं मिले तो बारिश में धरने पर बैठे कार्यकर्ता
एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद जब तत्काल कोई अधिकारी ज्ञापन लेने के लिए उपलब्ध नहीं हुआ, तो विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और छात्र कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। बारिश के बीच प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक कार्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
करीब दो घंटे बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि खराब सड़कों, जलभराव और बढ़े हुए बस किराए के कारण विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने प्रशासन से इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की है।
श्याम गुप्ता कटनी न्यूज 4




