कुठला पुलिस की कार्रवाई: तलवार और चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कटनी। अवैध हथियारों के खिलाफ कुठला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और एक धारदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया के नेतृत्व में 14 सितंबर की रात पेट्रोलिंग के दौरान पहलबान ढाबा के आगे नहर के पास संदिग्ध अवस्था में मिले 20 वर्षीय शिब्बू चौधरी, निवासी इंद्रानगर, की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई।
वहीं, 15 सितंबर को इंद्रानगर बायपास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 22 वर्षीय मोहित पटेल, निवासी इंद्रानगर, को पकड़ा। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक अजय यादव, राहुल मिश्रा, रामेश्वर सिंह, आलोक तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह, विवेक शुक्ला, विजय प्रजापति सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




