Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

मुड़वारा स्टेशन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.748 किलो गांजा जब्त

दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग में छिपाकर रखा था गांजा, हरियाणा निवासी 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग में छिपाकर रखा था गांजा, हरियाणा निवासी 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार,

विकास साहू कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से 18.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में हरियाणा निवासी 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 और 18 अगस्त की दरमियानी रात को कोतवाली पुलिस टीम मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और रात्रि गश्त कर रही थी।
इसी दौरान स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास पुलिस को एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख युवक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश यादव, पिता जुगल किशोर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया। युवक के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके साथ मिले तीनों बैगों की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैगों से कुल 18 पैकेट बरामद हुए। जांच और तौल के बाद पैकेटों में कुल 18.748 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठ्ठू बैग को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
कहां से लाया था गांजा, किसे करना था सप्लाई?
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कटनी में किस व्यक्ति तक पहुंचाना था। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक विजय गिरी सहित कोतवाली पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में थाना एनकेजे के आरक्षक अनमोल सिंह एवं रणविजय सिंह का भी सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!