सेवा पखवाड़े को लेकर निगम ने तेज की तैयारियां, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
गणेश महोत्सव की व्यवस्थाओं से लेकर राजस्व वसूली और फायर सेफ्टी तक की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़े को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अभियान की तैयारियों के साथ विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली और नागरिक सुविधाओं की विभागवार समीक्षा की।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को सेवा पखवाड़े के प्रत्येक चरण की कार्ययोजना समय पर पूरी करने और पात्र नागरिकों तक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के दौरान आवश्यक शिविर आयोजित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने शिकायतों का नियमानुसार एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा पोर्टल पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब दर्ज करने के निर्देश दिए। ई-केवाईसी, संबल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
गणेश महोत्सव को देखते हुए निगमायुक्त ने प्रतिमा पंडालों, प्रमुख बाजारों, विसर्जन स्थलों और मार्गों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता और सुगम आवागमन पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान क्षेत्रीय उपयंत्रियों को प्रतिदिन वार्डों का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वहीं अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों, फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन, अनधिकृत कोचिंग सेंटर और मैरिज गार्डनों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निगमायुक्त ने अधिकारियों को वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नामांतरण के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में ऑनलाइन निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




