Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना के चंद घंटों में बस स्टैंड चौकी पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

घटना के चंद घंटों में बस स्टैंड चौकी पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद,

✍️राजेश कुमार तिवारी

कटनी। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 9 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे अहमद नगर निवासी 26 वर्षीय समीर अंसारी अहमद नगर मोड़ स्थित चाय की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान महेन्द्र चौधरी, अभिषेक चौधरी, पवन उर्फ डंका चौधरी और तनवीर खान वहां पहुंचे और शाम के विवाद को लेकर समीर से गाली-गलौज करने लगे।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने समीर के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया। इसी दौरान महेन्द्र चौधरी ने चाकू निकालकर समीर के सिर पर दो वार किए। तीसरी बार हमला करने पर बचाव के दौरान चाकू उसकी बाईं आंख के पास लग गया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को बचाया, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने धारा 296(बी), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
चाका बायपास पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बस स्टैंड चौकी प्रभारी नेहा मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन आरोपी चाका बायपास के आसपास शहर से बाहर भागने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने चाका बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर महेन्द्र उर्फ लक्की चौधरी, अभिषेक चौधरी और पवन उर्फ डंका चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने समीर के साथ मारपीट करने और महेन्द्र द्वारा चाकू से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
घटना में शामिल तनवीर खान निवासी चाका फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में बस स्टैंड चौकी प्रभारी नेहा मौर्य, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय, मनोज पटेल, सुशील पाण्डेय एवं आरक्षक सतेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!