राजस्व वसूली में कटनी का पंजीयन विभाग आगे, अगस्त तक 62.03 करोड़ की आय
कलेक्टर आशीष तिवारी ने पंजीयन और आबकारी विभाग की समीक्षा कर वार्षिक राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के दिए निर्देश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने पंजीयन और आबकारी विभाग की समीक्षा कर वार्षिक राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के दिए निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। राजस्व संग्रहण से जुड़े विभागों की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजीयन एवं आबकारी विभाग के निर्धारित राजस्व लक्ष्य, अब तक की उपलब्धि और लक्ष्यपूर्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की विभागवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को राजस्व संग्रहण की गति बढ़ाने और निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि के साथ शासन को होने वाली राजस्व क्षति को रोकने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
59 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 62.03 करोड़ का राजस्व
पंजीयन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पंजीयक पंकज कोरी ने बताया कि अगस्त माह तक विभाग को 59 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रहण का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले विभाग ने अब तक 62.03 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है।
कलेक्टर ने विभाग की इस प्रगति को बनाए रखते हुए वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 158 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कर अपवंचन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा अधिक से अधिक प्रकरण दर्ज कर शासन को होने वाली राजस्व क्षति पर अंकुश लगाने को कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों में दो करोड़ रुपये तक की राशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आबकारी विभाग को 411 करोड़ के लक्ष्य की पूर्ति के निर्देश
बैठक में आबकारी विभाग की राजस्व प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 411 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए अब तक की प्रगति और विभागीय कार्ययोजना की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के साथ अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाना भी आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने अवैध मदिरा के विरुद्ध नियमित जांच और कार्रवाई करने तथा अधिक से अधिक प्रकरण पंजीबद्ध करने के निर्देश दिए, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के साथ शासन को होने वाली राजस्व हानि को भी रोका जा सके।
बैठक में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विभा मरकाम, जिला पंजीयक पंकज कोरी सहित राजस्व संग्रहण से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




