Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनसेवा और सुशासन के 25 वर्षों की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएगी सरकार

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश के विकास में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन केवल सत्ता के नहीं, बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनसेवा को अपने जीवन का संकल्प बनाया और देश के विकास तथा लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनसहभागिता और जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों के साथ प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए।
बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कटनी से अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े
बैठक में कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से कलेक्टर आशीष तिवारी और जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर वर्चुअली शामिल हुए। नगर निगम उपायुक्त शैलेष गुप्ता, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह तथा लोकसेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
जिलों की विकास पुस्तिकाएं घर-घर पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में चल रहे जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी सेवा संकल्प अभियान में शामिल किया जाए। अभियान अवधि में प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएं।
उन्होंने प्रदेश के नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा सभी जिलों की विकास पुस्तिकाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्रियों को अपने-अपने विभागों और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा जिला स्तर पर तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को सेवा संकल्प अभियान में ऐसा मॉडल प्रस्तुत करना चाहिए, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उदाहरण के रूप में देखा जाए।
17 सितंबर को महाकाल महालोक में होगा दीप प्रज्वलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पित, भूमिपूजन की गई प्रमुख परियोजनाओं और दी गई महत्वपूर्ण सौगातों से जुड़े स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने नर्मदा परियोजना, सरदार सरोवर बांध, केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रदेश की प्रमुख सड़क परियोजनाओं से यातायात की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों में आए बदलाव को भी अभियान के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा।
13 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए चलेगा अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं।
बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक की होगी भागीदारी
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच देशभर में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नुक्कड़ नाटकों के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों को आमंत्रित कर पोषण, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थी माताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक और प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा।
सेवा मेरा योगदान’ में जनभागीदारी पर जोर
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में नागरिकों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, सड़क सुरक्षा, कचरा पृथक्करण, कम्पोस्टिंग और साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
नदी घाटों और रिवर फ्रंट की साफ-सफाई को भी अभियान में विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर लगेंगे सेवा सेतु शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, आवेदन कराने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
17 अक्टूबर को होगा जनसेवक महाकुंभ
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें देशभर से सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का संबोधन और विकसित भारत का सामूहिक संकल्प प्रमुख आकर्षण होंगे।
कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों के सामूहिक गायन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का प्रयास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि पूरे अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए, ताकि मध्यप्रदेश सेवा, सुशासन और जनसहभागिता का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!