बहोरीबंद के चार और रीठी के एक स्कूल का सांदीपनि विद्यालय में विलय
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जारी किया आदेश, विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी होंगे समायोजित

कलेक्टर आशीष तिवारी ने जारी किया आदेश, विद्यार्थियों के साथ शिक्षक भी होंगे समायोजित,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में सांदीपनि विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मध्यप्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने बहोरीबंद के चार तथा रीठी के एक शासकीय विद्यालय को संबंधित सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में समायोजित करने के आदेश जारी किए हैं। इस व्यवस्था के तहत संबंधित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के साथ वहां पदस्थ शिक्षकों को भी सांदीपनि विद्यालय में समायोजित किया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य सांदीपनि विद्यालयों के आसपास 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में संचालित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर शिक्षकीय व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।
आदेश के अनुसार समायोजित किए गए प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में नामांकित सभी विद्यार्थियों का नामांकन संबंधित सांदीपनि विद्यालय में किया जाएगा। वहीं इन विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक आगामी आदेश तक संबंधित सांदीपनि विद्यालय में अपनी सेवाएं देंगे। सांदीपनि विद्यालयों का संचालन कक्षा 1 से 12वीं तक नवीन भवनों में किया जाना प्रस्तावित है।
बहोरीबंद में चार विद्यालयों का समायोजन
शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहोरीबंद में चार शासकीय विद्यालयों को सम्मिलित किया गया है। इनमें शासकीय एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला बहोरीबंद, शासकीय प्राथमिक शाला मोहनिया, शासकीय प्राथमिक शाला सिंदुरसी और शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला सिमरापटी शामिल हैं।
इन विद्यालयों के समायोजन के बाद सांदीपनि विद्यालय बहोरीबंद में विद्यार्थियों की संख्या 863 से बढ़कर 1247 हो जाएगी। वहीं शिक्षकों की संख्या 37 से बढ़कर 50 हो जाएगी। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था भी मजबूत होगी।
रीठी में कन्या हाईस्कूल का सांदीपनि विद्यालय में समायोजन
रीठी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक आकांक्षी नामांकन कम होने के कारण शासकीय कन्या हाईस्कूल रीठी को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीठी में सम्मिलित किया गया है।
समायोजन के बाद सांदीपनि विद्यालय रीठी में विद्यार्थियों का कुल नामांकन 1138 से बढ़कर 1343 हो जाएगा, जबकि शिक्षकों की संख्या 52 से बढ़कर 60 हो जाएगी। इससे बढ़े हुए विद्यार्थी नामांकन के अनुपात में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों को सांदीपनि विद्यालय में उपलब्ध बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं एवं संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।
प्रशासन के अनुसार विद्यालयों के इस समायोजन से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शिक्षकों और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।




