ऑनलाइन राजस्व सेवाओं में तेजी, 15 दिन में लंबित नामांतरण निपटाने के निर्देश

कटनी। नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समय-सीमा में उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने ऑनलाइन नामांतरण प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी शेष नामांतरण मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर 15 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने नामांतरण प्रकरणों में आ रही तकनीकी और प्रक्रियागत दिक्कतों की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन प्राप्त होने वाले प्रकरणों का समयबद्ध परीक्षण और कार्रवाई हो तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रहें।
49 दिन में 369 नामांतरण प्रकरणों का निराकरण
नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक के अनुसार, 1 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक कुल 369 नामांतरण प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इनमें 358 प्रकरण ऑफलाइन प्राप्त हुए थे, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से निराकृत किया गया, जबकि 11 प्रकरण ऑनलाइन प्राप्त होकर ऑनलाइन ही निराकृत किए गए हैं। शेष प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया भी जारी है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि ऑनलाइन राजस्व सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को कार्यालयीन प्रक्रियाओं की अनावश्यक परेशानी से बचाना और पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने राजस्व शाखा के अमले को लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के साथ नए प्राप्त होने वाले प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।




