गुरु के सम्मान में सजा कन्या महाविद्यालय, छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

गुरु के सम्मान में सजा कन्या महाविद्यालय, छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शिक्षक दिवस समारोह गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषयगत ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र, अनुशासन और जीवन मूल्यों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा एवं दर्शन के क्षेत्र में योगदान को स्मरण करते हुए छात्राओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में छात्राओं ने कविता वाचन, गीत, नृत्य और नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ। शिक्षक दिवस समारोह ने छात्राओं में गुरु के प्रति सम्मान के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के महत्व को भी रेखांकित किया।




