Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

महादेव के जयघोष से गूंजा कटनी, कैलाश-मानसरोवर मुक्ति संकल्प यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया संकल्प, आयोजकों ने सहयोगियों और प्रशासन का जताया आभार

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया संकल्प, आयोजकों ने सहयोगियों और प्रशासन का जताया आभार,

राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24 

कटनी। कैलाश पर्वत और मानसरोवर को चीन के कब्जे से मुक्त कराने के संकल्प के उद्देश्य से भारत तिब्बत सहयोग मंच के तत्वावधान में आयोजित कैलाश मानसरोवर मुक्ति संकल्प यात्रा का कटनी में प्रथम आयोजन भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त, सनातन धर्मावलंबी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
यात्रा की शुरुआत दुर्गा चौक खिरहनी से उप-संकल्प यात्रा के साथ हुई। भगवान महादेव की झांकी के साथ श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचे, जहां पूजन-अर्चन के बाद मुख्य संकल्प यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा आजाद चौक, शेर चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, खेरमाई मंदिर, सराफा बाजार और कपड़ा बाजार होते हुए सुभाष चौक पहुंची।
सुभाष चौक पर श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर भगवान महादेव से प्रार्थना करते हुए कैलाश-मानसरोवर की मुक्ति का संकल्प लिया। इसके बाद यात्रा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंची, जहां महादेव और रुद्रावतार हनुमान जी की भव्य महाआरती हुई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके पश्चात यात्रा मधई मंदिर पहुंची, जहां भगवान महादेव के चरणों में शीश नवाकर यात्रा का समापन किया गया।
भजनों और जयघोष से गूंजता रहा शहर
यात्रा में सबसे आगे घुड़सवार केसरिया ध्वज लेकर चल रहा था। इसके पीछे भारत तिब्बत सहयोग मंच का संगठन रथ और फिर डीजे व ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालुओं की टोलियां चल रही थीं। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “कैलाश मानसरोवर मुक्त हो” जैसे जयघोष गूंजते रहे।
राधा रानी सत्संग मंडल के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। महादेव, गौरा-पार्वती और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। पीले और केसरिया वस्त्रों में शामिल श्रद्धालुओं का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
बहोरीबंद, कैमोर, विजयराघवगढ़, कन्हवारा, चाका, पहाड़ी निवार, पिपरौध, रीठी, हरदुआ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों और दूरस्थ ग्रामों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल हुए।
सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता
यात्रा में भारत तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गिरिराज किशोर ‘राजू’ पोद्दार, संकल्प यात्रा संयोजक जगदीश सिंह भदोरिया, आरएसएस के जिला संघचालक डॉ. अमित साहू, जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
मातृशक्ति की भी यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदारी रही। श्रीमती शशि यादव ने यात्रा मार्ग में शंख ध्वनि कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों ने भी यात्रा में शामिल होकर संकल्प लिया।
आयोजकों ने जताया आभार
भारत तिब्बत सहयोग मंच ने यात्रा की सफलता में सहयोग देने वाली विभिन्न मंदिर समितियों, धार्मिक-सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं, नगर निगम, यातायात और पुलिस विभाग तथा शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने विशेष रूप से भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर समिति, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर समिति, मधई मंदिर समिति, गायत्री परिवार शक्तिपीठ सहित सहयोगी संस्थाओं और नगर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया का धन्यवाद किया, जिन्होंने यात्रा के आयोजन को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान महादेव का पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण भी किया गया
संकल्प यात्रा संयोजक जगदीश सिंह भदोरिया ने सभी ज्ञात-अज्ञात सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भगवान महादेव से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।
अगले वर्ष फिर निकलेगी यात्रा
आयोजकों ने बताया कि कैलाश मानसरोवर मुक्ति संकल्प यात्रा का आयोजन आगामी वर्ष सावन मास में भी किया जाएगा। वहीं भारत तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गिरिराज किशोर ‘राजू’ पोद्दार ने 19 से 25 नवंबर तक गुवाहाटी से प्रस्तावित तवांग तीर्थ यात्रा में सहभागिता का अनुरोध किया।
आयोजकों ने कहा कि कैलाश-मानसरोवर के प्रति आस्था, जागरूकता और संकल्प का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
हर-हर महादेव।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!