60 साल से आबाद आदिवासी परिवारों ने मांगा आवासीय पट्टा, कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
खसरा नंबर 163 की भूमि को आबादी घोषित कर कब्जे के आधार पर अधिकार पत्र देने की मांग

खसरा नंबर 163 की भूमि को आबादी घोषित कर कब्जे के आधार पर अधिकार पत्र देने की मांग
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ग्राम बिजौरी के भंडार टोला में करीब 60 वर्षों से निवासरत आदिवासी परिवारों ने आवासीय पट्टे की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए खसरा नंबर 163 की भूमि को आबादी घोषित करने तथा वर्षों से वहां निवास कर रहे परिवारों को उनके कब्जे के आधार पर आवासीय अधिकार पत्र एवं पट्टा प्रदान करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से भंडार टोला में अपने परिवारों के साथ निवास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें भूमि का वैधानिक अधिकार नहीं मिल पाया है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
इस दौरान करीब 50 से 60 ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का शीघ्र निराकरण कर आवासीय भूमि का अधिकार प्रदान करने की मांग की।




