Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

विकास कार्यों में देरी पर महापौर सख्त, एक सप्ताह में अप्रारंभ कार्य शुरू कराने के निर्देश

वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश

वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। नगर में जारी विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने और नागरिकों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने लोक निर्माण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में महापौर ने वार्डवार विकास कार्यों की प्रगति, निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति तथा भूमि पूजन के बाद अब तक शुरू नहीं हुए कार्यों की जानकारी ली।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि पूजन के बावजूद जो विकास कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें अधिकतम एक सप्ताह के भीतर शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य प्रारंभ करने से संबंधित प्रक्रियाओं में यदि कोई बाधा है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहे विशेष निगरानी
बैठक में विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की कार्यवार समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि केवल समय पर कार्य पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्माण कार्य टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण होना भी जरूरी है। धीमी गति से चल रहे कार्यों में संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बरगवां सेल्फी प्वाइंट का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
महापौर ने बरगवां स्थित सेल्फी प्वाइंट के विकास कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेल्फी प्वाइंट की डिजाइन, सुंदरता, आसपास की व्यवस्थाओं और नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि यह स्थल नगर के आकर्षण का केंद्र बन सके।
बारिश के बाद मुख्य मार्गों के कार्यों में न हो देरी
महापौर ने नगर के प्रमुख एवं मुख्य मार्गों के विकास और सुधार कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश समाप्त होने के बाद अनुकूल परिस्थितियां बनते ही विकास कार्य तत्काल शुरू हो सकें, इसके लिए संबंधित अधिकारी अभी से सर्वे, प्रस्ताव और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्ताव एवं स्वीकृति संबंधी प्रक्रियाओं के अभाव में बारिश के बाद विकास कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
डिवाइडर और चौराहों के सौंदर्यीकरण पर जोर
बैठक में नगर के प्रमुख चौराहों और डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि शहर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं डिवाइडरों पर हरियाली, आकर्षक संरचनाओं और आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में कार्ययोजना के अनुसार काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर का सौंदर्यीकरण नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शहर की पहचान को भी मजबूत करता है।
नियमित समीक्षा और तत्काल निराकरण के निर्देश
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर में कराए जा रहे प्रत्येक विकास कार्य का सीधा संबंध नागरिक सुविधाओं से है। इसलिए सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने और सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक यंत्री सुनील सिंह सहित सभी क्षेत्रीय उपयंत्री एवं लिपिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!