Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

सीवर कार्यों की धीमी रफ्तार पर निगमायुक्त सख्त, 7 दिन में रेस्टोरेशन के निर्देश

पर्वों को देखते हुए सड़कें मोटरेबल रखने और नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की हिदायत

कटनी। शहर में अमृत योजना के तहत चल रहे सीवर लाइन विस्तार कार्यों की प्रगति और सड़क रेस्टोरेशन को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवर कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
कटनी साउथ स्टेशन रोड पर लक्ष्मी पान भंडार से रंगनाथ थाना के बीच चल रहे सीवर लाइन कार्य की धीमी प्रगति पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने शेष कार्य को 7 दिवस के भीतर पूरा करने और इसके तत्काल बाद सड़क रेस्टोरेशन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट कार्यालय से मित्तल मॉल के बीच निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगामी पर्वों को देखते हुए मार्ग को लगातार मोटरेबल रखने और रेस्टोरेशन कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा। आदर्श कॉलोनी मुख्य मार्ग पर शेष सीवर कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह धर्मलोक हॉस्पिटल से गर्ग चौराहा और दुबे कॉलोनी क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए निगमायुक्त ने सीवर लाइन बिछाने के तुरंत बाद गुणवत्तापूर्ण सड़क सुधार और रेस्टोरेशन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दुबे कॉलोनी की सफाई व्यवस्था भी देखी। कचरा संग्रहण वाहन ढका हुआ नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि सीवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के दौरान कुछ समय के लिए नागरिकों को असुविधा हो सकती है, लेकिन कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर स्थायी सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव, पी.डी.एम.सी. के ए.आर.सी. सौरभ नौगजा, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि झील पटेल, हार्दिक पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!