सीवर कार्य में लापरवाही पर निगम अध्यक्ष का कड़ा रुख, जांच के बाद ब्लैक लिस्ट की मांग

सीवर कार्य में लापरवाही पर निगम अध्यक्ष का कड़ा रुख, जांच के बाद ब्लैक लिस्ट की मांग
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। अमृत मिशन के तहत नगर निगम सीमा क्षेत्र में चल रहे सीवरेज लाइन के कार्य को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निगम आयुक्त को पत्र भेजकर संबंधित निर्माण एजेंसी के कार्यों की जांच कराने तथा अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
निगम अध्यक्ष द्वारा 24 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के अंतर्गत जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रा. लि. द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। कार्य के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन कई जगहों पर कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं।
इन परिस्थितियों के चलते आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खुले एवं अधूरे गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। निगम अध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि संबंधित एजेंसी को पूर्व में कई बार कार्यप्रणाली में सुधार के लिए चेताया जा चुका है, इसके बावजूद शिकायतों का सिलसिला जारी है।
तृतीय एजेंसी से जांच कराने की मांग
मनीष पाठक ने निगम आयुक्त से मांग की है कि अमृत मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे सीवरेज कार्यों की मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिकृत तृतीय एजेंसी से जांच कराई जाए। जांच में यदि कार्य में अनियमितता, गुणवत्ता में कमी अथवा लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार/कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट किए जाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
गुणवत्ता और नागरिक सुरक्षा से समझौता नहीं
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




