Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

हांका टीम की कार्रवाई तेज: 16 घुमंतू मवेशियों और श्वानों को सुरक्षित स्थलों पर भेजा

प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर निगम की निगरानी जारी, यातायात व्यवस्था को बाधामुक्त रखने पर जोर

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा घुमंतू मवेशियों एवं श्वानों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन के निर्देशन एवं स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में हांका दल ने सोमवार शाम शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कार्रवाई करते हुए कुल 16 घुमंतू मवेशियों एवं श्वानों को पकड़कर सुरक्षित स्थलों पर भेजा।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि हांका दल ने जिला एवं सत्र न्यायालय के सामने मुख्य मार्ग, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, कटनी रेलवे स्टेशन के सामने, बरही रोड, घंटाघर एवं जलपा मंदिर पहुंच मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में सघन निगरानी की। इस दौरान सड़क पर विचरण कर रहे 8 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया।
इसी तरह जागृति पार्क एवं मित्तल नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 8 श्वानों को पकड़कर एबीसी सेंटर भेजा गया। निगम की टीम द्वारा ऐसे स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है, जहां घुमंतू मवेशियों एवं श्वानों के कारण यातायात प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की स्थिति निर्मित होने की आशंका रहती है।
निगम प्रशासन के अनुसार, आगामी पर्वों एवं शहर में बढ़ने वाले आवागमन को देखते हुए प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी और अधिक सख्त की गई है। हांका दल द्वारा नियमित भ्रमण कर सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे घुमंतू मवेशियों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। निगम ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित आवागमन, सुव्यवस्थित यातायात और सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने के लिए हांका टीम की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!