बारिश के बीच बढ़ा जलस्तर, निगम प्रशासन ने संभाली मोर्चा
संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, नदी-नालों और रपटों से दूर रहने की नागरिकों से अपील

संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, नदी-नालों और रपटों से दूर रहने की नागरिकों से अपील,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए नगर पालिक निगम प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शहर के संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर मोहन घाट, मसूरहा घाट और कटाए घाट में सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की गई है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बैरिकेडिंग पार कर नदी या घाट के नजदीक जाने का प्रयास न करें।
निगमायुक्त ने कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पुलियों, नालों और रपटों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए जलस्तर सामान्य होने तक नागरिक जोखिम वाले स्थानों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।
उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की है कि बच्चों को नदी, नालों, घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें। बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, बैरिकेडिंग का उल्लंघन न करें और जलस्तर कम होने तक नदी-नालों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखें।




