बस स्टैंड क्षेत्र में टपरे पर गिरा पेड़, बिजली के तारों से करंट का खतरा

बस स्टैंड क्षेत्र में टपरे पर गिरा पेड़, बिजली के तारों से करंट का खतरा
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में चौरसिया गार्डन एवं सर्कस मैदान के पास रविवार रात एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ पास में रखे एक टपरे के ऊपर जा गिरा, जिससे आसपास के स्थानीय लोगों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेड़ के गिरने से टपरे को नुकसान पहुंचा है। लोगों का कहना है कि पेड़ में बिजली के तार भी लिपटे हुए हैं, जिसके चलते मौके पर करंट फैलने की आशंका बनी हुई है। इससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है और किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पेड़ गिरने की सूचना के बावजूद अभी तक नगर निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ और बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से हटाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल स्थानीय लोग प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।




