फॉरेस्टर ग्राउंड में खेल सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार, सचिव संजीव सिंह ने किया निरीक्षण
एस्ट्रो टर्फ पर अंतरजिला हॉकी टूर्नामेंट कराने के निर्देश, निर्माणाधीन इंडोर हॉल का भी लिया जायजा

कटनी। राज्य शासन के युवा एवं खेल कल्याण विभाग के सचिव एवं कटनी जिले के सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी संजीव सिंह ने शुक्रवार को फॉरेस्टर ग्राउंड पहुंचकर निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान सचिव संजीव सिंह ने फॉरेस्टर ग्राउंड में विकसित की जा रही खेल सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नवनिर्मित हॉकी एस्ट्रो टर्फ का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
सचिव ने स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एस्ट्रो टर्फ पर आसपास के जिलों की अंतरजिला हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि फॉरेस्टर ग्राउंड में स्पेक्टेटर्स गैलरी, क्रिकेट पवेलियन भवन, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाली और क्रिकेट स्टेडियम सहित कई निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति लागत करीब 4.21 करोड़ रुपये है। इसके अलावा क्रिकेट के लिए स्पेक्टेटर्स गैलरी का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिसकी स्वीकृत लागत 1.50 करोड़ रुपये है।
वहीं 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंडोर हॉल का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में फिनिशिंग और फ्लोरिंग का काम जारी है। सचिव ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के बाद भवनों को खेल विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
फॉरेस्टर ग्राउंड के निर्माण एवं विकास कार्य मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, जबलपुर डिवीजन-1 की कार्यकारी एजेंसी द्वारा कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आगामी कार्ययोजना और निर्माण कार्यों की प्रगति से सचिव को अवगत कराया।
इस दौरान जिला खेल अधिकारी सुनीता यादव, सहायक यंत्री उदय कोरी, उपयंत्री अजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




