फर्राटेदार अंग्रेजी सुनकर अनुष्का की कलेक्टर ने की तारीफ, गोद में उठाकर बढ़ाया हौसला
दीपांशु ने भी अंग्रेजी में दिया जवाब, पहाड़े सुनाकर दिखाई शैक्षणिक तैयारी

कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ और डीएफओ ने किया शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर का निरीक्षण,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर के निरीक्षण के दौरान उस समय माहौल खुशनुमा हो गया, जब कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक तैयारी परखी।
कक्षा-3 की छात्रा अनुष्का से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उससे अंग्रेजी में सवाल किया। अनुष्का ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में जवाब देते हुए कहा, “माय फेवरेट कलर इज ब्लू।” बच्ची का आत्मविश्वास और सहज अंग्रेजी सुनकर कलेक्टर ने उसे गोद में उठाकर स्नेहपूर्वक उसका हौसला बढ़ाया।
इसके बाद कक्षा-2 के छात्र दीपांशु से भी बातचीत की गई। दीपांशु ने भी बिना झिझक अंग्रेजी में “माय फेवरेट कलर इज रेड” कहकर जवाब दिया। बच्चों के आत्मविश्वास की कलेक्टर ने सराहना करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से पहाड़े भी सुने। कक्षा-2 के दीपांशु यादव ने 4 का पहाड़ा बिना रुके सुनाया, जबकि कक्षा-3 की अनुष्का ने 2 का पहाड़ा सही-सही सुनाकर अपनी तैयारी दिखाई। बच्चों की तत्परता देखकर कलेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई और उनका उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी के साथ पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरिसिमरनप्रीत कौर और डीएफओ गर्वित गंगवार मौजूद रहे।




