अपराधों के त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी सख्त
आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर कार्रवाई के दिए आदेश

आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर कार्रवाई के दिए आदेश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी हेडक्वार्टर, एसडीओपी स्लीमनाबाद सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में एसपी ने थाना-वार अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, नाबालिगों की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने और फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी
आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन, नवरात्रि, दुर्गा विसर्जन, दशहरा और दीपावली को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था का रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए। प्रतिमा पंडालों, जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध शराब और नशे के कारोबार पर कार्रवाई
बैठक में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसपी ने शराब के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही एनडीपीएस/एमडीपीएस मामलों में भी कार्रवाई की समीक्षा की गई।
लंबित मामलों और गंभीर अपराधों पर निगरानी
एसपी ने पुराने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गंभीर एवं संगठित अपराधों में पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों की भी गंभीरता से मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
इसके अलावा सीसीटीएनएस, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य और ई-एफआईआर से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। न्यायालय में चालान निर्धारित समय-सीमा में पेश करने और न्यायालयीन प्रकरणों में समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के मामलों में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए आमजन को सुरक्षित पुलिसिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




