टीकर में मिड डे मील की गुणवत्ता परखी, परसवारा में नाली समस्या का लिया जायजा

टीकर में मिड डे मील की गुणवत्ता परखी, परसवारा में नाली समस्या का लिया जायजा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 20 अगस्त। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मैदानी समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर अधिकारियों के निरीक्षण लगातार जारी हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रतेश जैन ने बुधवार को टीकर और परसवारा पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक शाला टीकर में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रतेश जैन ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने सरस्वती स्व-सहायता समूह को शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को गरमा-गरम, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद जनपद अध्यक्ष एवं सीईओ ने ग्राम परसवारा में निस्तारी पानी की निकासी की समस्या का निरीक्षण किया। मौके पर समस्या का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने ग्राम पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करते हुए नाली निर्माण एवं पानी की निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिल सके।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा लगातार गांवों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का यह मैदानी निरीक्षण प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




