17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी से होंगे विविध आयोजन

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी से होंगे विविध आयोजन,
राजेश सांघेलिया
कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न जनसेवा, जागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ में होगी हितग्राहियों की भागीदारी
17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें राशन कार्डधारी, असंगठित श्रमिक, लाड़ली बहना, स्वामित्व योजना और आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को शामिल किया जाएगा। कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं
‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत शासकीय के साथ निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
हितग्राहियों की सफलता की कहानियां होंगी प्रसारित
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभव और सफलता की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर वीडियो एवं आभार संदेश तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
7 अक्टूबर को पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
बैठक में 7 अक्टूबर को जिले में प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के स्वागत और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। यात्रा बड़नगर, गुजरात से शुरू होकर वाराणसी, उत्तर प्रदेश तक जाएगी। कलेक्टर ने यात्रा के जिले में प्रवेश के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
रक्तदान और वृक्षारोपण से जुड़ेगा अभियान
‘सेवा में योगदान’ कार्यक्रम के तहत जिले में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही मंडी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी होगा। कलेक्टर ने सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।




