सीवर लाइन के काम से प्रभावित झर्रा टिकुरिया मार्ग पर निगम ने बढ़ाई सुधार कार्यों की रफ्तार
बारिश से सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की स्थिति बनी, आवागमन सुचारू रखने निगम अमला लगातार कर रहा मोटरेबल कार्य

बारिश से सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की स्थिति बनी, आवागमन सुचारू रखने निगम अमला लगातार कर रहा मोटरेबल कार्य,
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज़ 24
कटनी। झर्रा टिकुरिया से साउथ स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन विस्तार कार्य के चलते प्रभावित सड़क पर बारिश के कारण नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते सड़क पर कीचड़ और गड्ढों की स्थिति निर्मित हो गई है। इसे देखते हुए नगर निगम ने मार्ग को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए मोटरेबल एवं समतलीकरण कार्य तेज कर दिया है।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि मैदानी अमले द्वारा सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार प्रभावित हिस्सों में सुधार, समतलीकरण और मोटरेबल कार्य कराया जा रहा है, ताकि बारिश के बीच भी लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
सीवर लाइन विस्तार के दौरान सड़क प्रभावित होने के कारण बारिश में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों को देखते हुए निगम द्वारा तत्काल आवश्यक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। झिंझरी सहित नगर के अन्य प्रभावित मार्गों पर भी आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
निगम प्रशासन का कहना है कि सीवर लाइन का कार्य प्रगति पर होने के बावजूद नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है और मौसम की स्थिति के अनुसार प्रभावित मार्गों पर लगातार सुधार कार्य कराया जाएगा।




