पौधों के साथ महिलाओं ने निकाली हरियाली यात्रा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कटनी

पौधों के साथ महिलाओं ने निकाली हरियाली यात्रा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
✍️विकास साहू कटनी न्यूज़ 24
कटनी। पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक-3 कन्हवारा अंतर्गत ग्राम मड़ई में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, जनपद सदस्य नंदलाल कोरी तथा बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नवांकुर सखियों द्वारा भजन प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।
विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने हरियाली यात्रा के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं की पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के 30 सेक्टरों में नवांकुर सखी हरियाली यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने नवांकुर सखी योजना की जानकारी देते हुए महिलाओं से अधिक से अधिक सखियों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक नवांकुर सखी से एक पौधा रोपित करने और उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं को पौधे वितरित कर सुरक्षित स्थानों पर रोपण तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
इसके बाद ग्राम मड़ई में भव्य हरियाली यात्रा निकाली गई। एक जैसी वेशभूषा में शामिल नवांकुर सखियां सिर पर कलश और हाथों में पौधे लेकर बैंड-बाजों की धुन पर पूरे गांव का भ्रमण करती रहीं। यात्रा के दौरान महिलाओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “धरती माता करे पुकार, पेड़ लगाकर करो श्रृंगार” और “नवांकुर सखियों का एक ही सपना, घर में हरा पेड़ हो अपना” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।
हरियाली यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और लगाए गए पौधों की देखभाल का संदेश दिया गया। आयोजन के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पौधारोपण के लिए योगदान देने वाली ग्राम की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक शिवकुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गनपत लाल कोल, राजू यादव, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि राजकुमार त्रिपाठी एवं सुनैना चौधरी सहित परामर्शदाता श्रीमती रूपा बर्मन और माया गुप्ता की विशेष सहभागिता रही।




