महंगाई के खिलाफ कटनी में कांग्रेस का हल्ला बोल, 40 रुपये किलो शक्कर बेचकर जताया विरोध

महंगाई के खिलाफ कटनी में कांग्रेस का हल्ला बोल, 40 रुपये किलो शक्कर बेचकर जताया विरोध,
✍️राजेश कुमार तिवारी
कटनी, 27 अगस्त। बढ़ती महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में कटनी में कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के घंटाघर क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता की बढ़ती परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कटनी ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुंवर सौरभ सिंह एवं कटनी जिले के प्रभारी मनु मिश्रा ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से 40 रुपये प्रति किलो की दर से शक्कर बेचकर बढ़ती महंगाई के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में बढ़ोतरी से मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।




