सुभाष चौक पर कल गूंजेगा दधिकांदो का उल्लास, 51 हजार की इनामी दही हांडी बनेगी आकर्षण
शोभायात्रा में सजेगीं भव्य झांकियां, सांस्कृतिक मंच पर कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां

शोभायात्रा में सजेगीं भव्य झांकियां, सांस्कृतिक मंच पर कलाकार देंगे रंगारंग प्रस्तुतियां,
विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी। श्री बधाई उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित 72वें दधिकांदो महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार 6 सितंबर को दधिकांदो महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से शाम 5 बजे शुरू होने वाली शोभायात्रा में आकर्षक साज-सज्जा के साथ विभिन्न झांकियां श्रद्धालुओं और नगरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह नगरवासियों द्वारा दही हांडियां लगाई जाएंगी। वहीं, कटनी के हृदय स्थल सुभाष चौक पर आयोजित होने वाली 51 हजार रुपये की इनामी दही हांडी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इस आयोजन का संयोजन नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक के मार्गदर्शन में तथा आयोजन महारानी लक्ष्मी वार्ड के पार्षद एवं सुभाष चौक दही हांडी समिति के अध्यक्ष अवकाश जायसवाल द्वारा किया जा रहा है।
पिछले वर्ष से शुरू हुई सुभाष चौक की दही हांडी ने अपने पहले ही आयोजन में खास पहचान बनाई थी। डीजे की धुन पर थिरकते युवाओं और गोविंदा टोलियों द्वारा मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के दृश्य सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे। इस वर्ष भी दही हांडी को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दही हांडी आयोजन के मुख्य अतिथि श्री बधाई उत्सव कमेटी के संरक्षक एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक होंगे। उनके सौजन्य से विजेता गोविंदा टोली को 51 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।
इस वर्ष सुभाष चौक पर दही हांडी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष मंच भी तैयार किया जा रहा है, जहां विभिन्न कलाकार अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं आयोजक अवकाश जायसवाल ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दधिकांदो महोत्सव में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




