Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

ईद मिलादुन्नबी पर निगम की विशेष तैयारी, जुलूस मार्ग पर रोशनी से लेकर फायर सेफ्टी तक पुख्ता इंतजाम,

ईद मिलादुन्नबी पर निगम की विशेष तैयारी, जुलूस मार्ग पर रोशनी से लेकर फायर सेफ्टी तक पुख्ता इंतजाम,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 अगस्त 2026, बुधवार को दोपहर 2.30 बजे से शहर में जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस अंजुमन स्कूल से शुरू होकर खिरहनी फाटक, बरगवां नेहरू वार्ड, झरना टिकुरिया, सुभाष चौक और अहमद नगर होते हुए दिलावर चौक पहुंचेगा। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए जुलूस अंजुमन इस्लामिया स्कूल में संपन्न होगा।
पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। निगम प्रशासन की ओर से जुलूस मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जुलूस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ विद्युत पोल, झूलते तारों सहित अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मार्गों की विशेष साफ-सफाई, मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में स्वच्छता और जुलूस मार्ग पर मवेशियों के नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, विभिन्न स्वागत एवं लंगर स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए पर्याप्त डस्टबिन और कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तत्काल सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों और लंगर स्थलों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
सुरक्षा के लिहाज से फायर विभाग को पुलिस नियंत्रण कक्ष के समन्वय से आवश्यकतानुसार फायर ब्रिगेड वाहन और स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
निगम प्रशासन ने जुलूस और कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों से भी अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में पालन करने तथा व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य ईद मिलादुन्नबी पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!