गणेश उत्सव को लेकर कुठला थाने में शांति समिति की बैठक
पुलिस ने समितियों को दिए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देश

कटनी। आगामी श्रीगणेश उत्सव एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुठला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में आयोजित बैठक में नायब तहसीलदार आकाश नीरज, जनप्रतिनिधि, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में थाना प्रभारी ने गणेश उत्सव समितियों को पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अग्निशमन के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय और ध्वनि स्तर के अनुरूप ही साउंड सिस्टम संचालित करने, पंडाल एवं आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए उचित पार्किंग व्यवस्था रखने की बात कही।
विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विकास साहू कटनी न्यूज 24




