गड्ढों में तब्दील सड़क, जलभराव से बेहाल वार्डवासी; स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी परेशानी

गड्ढों में तब्दील सड़क, जलभराव से बेहाल वार्डवासी; स्कूल जाने वाले बच्चों की बढ़ी परेशानी,
✍️ राजेश कुमार तिवारी
कटनी। शहर के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक -4 स्थित छत्रपति शिवाजी नगर की गली नंबर -6 में सड़क की बदहाली और जलभराव ने रहवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, जिओ टावर से लेकर प्रभासंकार मिश्रा के घर तक सड़क पर करीब एक से डेढ़ फीट तक गहरे गड्ढे हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में जमा होने से पूरी सड़क कीचड़ और पानी से लबालब हो जाती है। हालात यह हैं कि घर से बाहर निकलते ही लोगों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी
क्षेत्र में दो स्कूल संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम करीब 100 से 150 बच्चे इस रास्ते से गुजरते हैं। सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण बच्चों की ड्रेस और जूते खराब हो जाते हैं। कई बार बच्चे फिसलकर गिरने से भी बाल-बाल बचते हैं। रहवासियों का कहना है कि सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पार्षद से शिकायत पर नहीं मिला समाधान
स्थानीय लोगों ने अपनी समस्या को लेकर संवाददाता से संपर्क किया। रहवासियों की शिकायत के बाद वार्ड पार्षद से संपर्क करने का प्रयास किया गया। पहली बार फोन पर संपर्क नहीं हो सका। दो दिन बाद दोबारा संपर्क कर क्षेत्र की समस्या बताई गई।
रहवासियों के अनुसार, पार्षद ने बातचीत के दौरान कहा कि संबंधित क्षेत्र के लोग वार्ड क्रमांक -4 के वोटर नहीं हैं, इसलिए वे वहां कुछ नहीं कर सकते और ज्यादा परेशानी होने पर नगर निगम आयुक्त से मिलने की बात कही।
हालांकि, इस संबंध में पार्षद के कथन का स्थानीय रहवासियों ने विरोध जताते हुए सवाल उठाया है कि यदि नागरिक नगर निगम सीमा में रहते हैं और निगम को विभिन्न करों का भुगतान करते हैं, तो मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी किसकी है?
विकास के दावों के बीच सड़क की बदहाली पर सवाल
नगर में सड़क निर्माण और विकास कार्यों को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं, लेकिन छत्रपति शिवाजी नगर की गली नंबर-6 की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।




