Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

निगमायुक्त की टीएल बैठक में सख्त निर्देश: 20 अगस्त तक पूरा करें डीएलसी का लंबित कार्य

राजस्व वसूली में तेजी, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों पर सख्ती; हॉकर्स जोन, बस स्टॉप और फॉगिंग व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश

राजस्व वसूली में तेजी, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों पर सख्ती; हॉकर्स जोन, बस स्टॉप और फॉगिंग व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश

✍️राजेश कुमार तिवारी 

कटनी। नगर निगम के एमआईसी सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा प्रकरणों, विभागीय गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
20 अगस्त तक पूरा करें डीएलसी का शेष कार्य
सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के डीएलसी कार्य की समीक्षा के दौरान करीब 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। निगमायुक्त ने वार्डवार स्थिति की समीक्षा करते हुए मृतक हितग्राहियों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने तथा शेष डीएलसी कार्य को 20 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। पूर्ण जानकारी सामाजिक न्याय विभाग को भेजने को भी कहा गया।
राजस्व वसूली में लाएं तेजी, सिक्मी किरायेदारी पर कार्रवाई
राजस्व वसूली की समीक्षा में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को दैनिक और साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। नामांतरण प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, बाजार वसूली और ट्रेड लाइसेंस की बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के साथ सिक्मी किरायेदारी के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
सीएम हेल्पलाइन और समय-सीमा प्रकरणों पर सख्ती
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई तथा जलप्रदाय, लोककर्म, सीवर, उद्यान, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं और नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। 100 दिवस से अधिक पुरानी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पाए जाने पर एल-1 और एल-2 अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी भी दी गई।
हॉकर्स जोन और बस स्टॉप होंगे व्यवस्थित
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संभावित स्थानों का सर्वे कर सुविधायुक्त हॉकर्स जोन विकसित करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि इससे छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलने के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु हो सकेगी। बस स्टॉप क्षेत्रों को अतिक्रमणमुक्त कर जल निकासी, साफ-सफाई सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जलकर राहत योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाएं
बड़े जलकर बकायादारों को राहत देने के लिए संचालित विशेष योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने जोन कार्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा बकायादारों से व्यक्तिगत संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।
दो शिफ्ट में चलेगा फॉगिंग अभियान
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दो शिफ्ट में फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा घुमंतू मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। अमीरगंज कांजी हाउस की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए वार्ड दरोगाओं को सुबह और शाम निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
विकास परियोजनाओं और फायर सेफ्टी की भी समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, अवैध कॉलोनी निर्माण, कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी और जर्जर भवनों सहित नगर निगम से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि नगर निगम की योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ नागरिकों तक पहुंचना चाहिए तथा शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के विभाग प्रमुख एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!