मॉडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्ती, बुलेट से मौके पर निकलवाया कानफोड़ू साइलेंसर

मॉडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्ती, बुलेट से मौके पर निकलवाया कानफोड़ू साइलेंसर,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 18 अगस्त 2026। शहर में तेज और कर्कश आवाज के जरिए ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही निकलवाकर वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत सोमवार रात करीब 8 बजे चंडाक चौक पर यातायात पुलिस ने एक बुलेट मोटरसाइकिल की जांच की। वाहन में लगा तेज आवाज करने वाला मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर उसे मौके पर ही निकलवाया गया और वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे झिंझरी स्थित मारुति शोरूम के पास मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन की शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन में लगा तेज एवं कर्कश आवाज करने वाला साइलेंसर पाया गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही निकलवाया और वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की।
दर्जनों वाहनों पर हो चुकी कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान अब तक दर्जनों मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस द्वारा अनधिकृत साइलेंसर निकलवाने के साथ वाहन चालकों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
स्टाइल के नाम पर ध्वनि प्रदूषण बर्दाश्त नहीं
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत ऐसे साइलेंसर लगाना, जिनसे अत्यधिक तेज और कर्कश आवाज निकलती है, स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे वाहनों की सड़क पर लगातार जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें और अनावश्यक तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से बचें।
यातायात पुलिस का संदेश साफ है—सड़क पर स्टाइल के नाम पर ध्वनि प्रदूषण नहीं, बल्कि यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन चालक की पहचान है।




